Thursday , 8 October 2026
    Rewa Police’s “Safe Click 2.0” Campaign
    Madhya-Pradesh

    रीवा पुलिस का “सेफ क्लिक 2.0” अभियान, साइबर अपराधों से बचाव के लिए जिले भर में चलाया जन-जागरूकता अभियान

    Rewa Police’s “Safe Click 2.0” Campaign

    REWA TODAY DESK। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए रीवा पुलिस ने आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल फ्रॉड से बचाने के लिए “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देश और पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

    इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया स्कैम, फर्जी निवेश योजनाओं, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भाग लिया।

    कई थाना क्षेत्रों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम

    रीवा जिले के थाना गुढ़, मनगवां, सिरमौर, बैकुंठपुर, गोविंदगढ़, कोतवाली और पनवार क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सिरमौर थाना क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में सिरमौर विधायक श्री दिव्यराज सिंह भी मौजूद रहे।

    पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए। लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और निजी व बैंकिंग जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

    ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा न करने की अपील

    जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान पुलिस ने बताया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, यूजर आईडी और पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध लिंक, फर्जी नौकरी के ऑफर, लॉटरी, केवाईसी अपडेट और निवेश से जुड़े आकर्षक ऑफर्स से सावधान रहने की अपील की गई।

    साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

    पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।

    रीवा पुलिस ने पंपलेट, पोस्टर और जनसंवाद के माध्यम से हजारों लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया। पुलिस ने नागरिकों से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जानकारी देने की अपील की।

    रीवा पुलिस का संदेश — “सोच-समझकर करें क्लिक, सुरक्षित रहें हर एक क्लिक।”

    Written by
    Zeeshan Javed

    Zeeshan Javed is a Rewa-based journalist covering crime and public issues. He reports on local developments with a focus on verified and factual news.

    Leave a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Related Articles