रीवा जिले भर में समर्थन मूल्य में धान खरीदी के लिए केन्द्र बनाए गए हैं। अधिकांश केन्द्र में गोदाम स्तर पर ही खरीदी की जा रही है। खरीदी केन्द्र के प्रभारी तथा समिति प्रबंधकों द्वारा बताया गया है कि समय पर गोदाम न खोलने तथा बंद करने के कारण खरीदी में कठिनाई आ रही है। प्रभारी कलेक्टर डॉ सौरभ सोनवणे ने जिला प्रबंधक मध्यप्रदेश स्टेट वेयर हाउस कार्पोरेशन को गोदामों के खोलने और बंद करने का समय निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि सभी गोदाम सुबह सात बजे अनिवार्य रूप से खुल जाएं। जिससे इनमें सुबह आठ बजे से धान की खरीदी शुरू हो जाए।

गोदाम शाम को आठ बजे तक अनिवार्य रूप से खुले रखें। उपार्जित धान की स्टैगिंग तत्काल कराएं। जब तक स्टैगिंग का काम पूरा न हो जाए तब तक गोदाम बंद नहीं होगा। धान खरीदी की अंतिम तिथि 19 जनवरी निर्धारित है। जिसके कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान उपार्जन के लिए खरीदी केन्द्रों में पहुंच रहे हैं। किसान को स्लॉट बुक करने के बाद सात दिन के अंदर ही धान का विक्रय करना है। गोदाम बंद करने के कारण यदि किसान को उपार्जन में कठिनाई आती है तो इसे शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास मानकर वेयरहाउस संचालक के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।
Leave a comment