3500 अभ्यर्थियों का होगा फिजिकल और मेडिकल टेस्ट
रीवा। भारतीय थल सेना की अग्निवीर भर्ती रैली 27 नवंबर से रीवा में शुरू हो रही है। यह भर्ती प्रक्रिया 5 दिसंबर तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आईटीआई रीवा में आयोजित की जाएगी। इसमें 15 जिलों के करीब 3500 चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के अनुसार, लिखित परीक्षा में चयनित उम्मीदवारों का शारीरिक दक्षता परीक्षण (फिजिकल टेस्ट), मेडिकल जांच और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। प्रतिदिन लगभग 500 से 700 अभ्यर्थियों के परीक्षण की व्यवस्था की गई है।
भर्ती रैली के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन और फिजिकल टेस्ट के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, नाश्ता, फल, चलित शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पुलिस बल, दो एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। फिजिकल और मेडिकल टेस्ट 27 नवंबर की रात 11 बजे से शुरू होंगे।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने की अपील की है। सेना में भर्ती पूरी तरह निर्धारित प्रक्रिया के तहत होगी।



















































Leave a comment