रीवा में बड़ा हादसा टला, चलते वाहन में अचानक लगी आग
रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़रिया इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर चल रही एक फोर्ड फिएस्टा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस की लापरवाही पर स्थानीय लोगों में नाराजगी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के दौरान मौके पर मौजूद 100 डायल पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलती हुई कार के पास से लगातार वाहनों का आवागमन जारी रहा, लेकिन पुलिस ने ट्रैफिक रोकने या लोगों को सुरक्षित दूरी पर करने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिसकर्मियों से सड़क पर आवाजाही रोकने की मांग की, लेकिन एक आरक्षक ने कथित तौर पर जवाब दिया, “पुलिस मैं हूं या तुम?” इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने खुद आगे बढ़कर सड़क पर अपने वाहन खड़े किए और ट्रैफिक को रोका, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।
आग बुझाने के बजाय वीडियो बनाते दिखे पुलिसकर्मी
घटना के दौरान कुछ पुलिसकर्मी आग बुझाने या सुरक्षा व्यवस्था संभालने के बजाय जलती कार का वीडियो बनाते नजर आए। इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रैफिक नियंत्रित नहीं किया जाता तो आग की चपेट में अन्य वाहन भी आ सकते थे।
शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ होगा। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
पुलिस व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आमजन का कहना है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पुलिस को तत्काल सुरक्षा प्रबंधन और ट्रैफिक नियंत्रण पर ध्यान देना चाहिए, ताकि किसी भी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।



















































Leave a comment