पुलिस लाइन में देर रात मारपीट से मचा हड़कंप
Rewa Today Desk : रीवा के पुलिस लाइन क्षेत्र में रहने वाले दो पुलिसकर्मियों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। देर रात हुए विवाद में एक आरक्षक पर लाठी-डंडों और टांगी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने प्रधान आरक्षक सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ड्यूटी के दौरान घर पहुंचे आरक्षक पर हमला
जानकारी के मुताबिक घायल पुलिसकर्मी की पहचान मुकेश तिवारी के रूप में हुई है, जो ड्यूटी के दौरान रात में टिफिन लेने अपने घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले प्रधान आरक्षक सुरेंद्र पांडे, उनके बेटे समर पांडे और कुछ अन्य लोग पहले से वहां मौजूद थे। दोनों पुलिसकर्मियों के घर आमने-सामने बताए जा रहे हैं और दोनों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुकेश तिवारी ने घर पहुंचकर अपनी पत्नी को फोन कर दरवाजा खोलने के लिए कहा। इसी बीच सुरेंद्र पांडे अपने बेटे और अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद मुकेश तिवारी पर लाठी-डंडों और टांगी से हमला कर दिया गया।
सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें
हमले में मुकेश तिवारी के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुलिसकर्मी को तत्काल संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
एडिशनल एसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद एडिशनल एसपी आरती सिंह अस्पताल पहुंचीं और घायल पुलिसकर्मी का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट की घटना हुई है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
पत्नी और बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
घायल आरक्षक मुकेश तिवारी की पत्नी और बेटे ने आरोप लगाया है कि कई लोगों ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। परिवार का कहना है कि वे हमलावरों में शामिल कुछ लोगों को पहचानते हैं।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
फिलहाल पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने की बात कह रही है।



















































Leave a comment