हॉस्टल के बाहर छात्रों का उत्पात, पुलिस ने आरोपियों को हथकड़ी लगाकर पैदल कोर्ट पहुंचाया
मध्य प्रदेश के Rewa में स्थित एग्रीकल्चर कॉलेज (AG College) के छात्रों द्वारा देर रात जमकर हंगामा और उपद्रव किए जाने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में छात्रों ने कॉलेज और हॉस्टल के बाहर आने-जाने वाले लोगों को रोककर उनसे पैसे मांगे और कई वाहनों में तोड़फोड़ व पत्थरबाजी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्रों का समूह देर रात सड़क पर उतर आया और राहगीरों से शराब के लिए पैसे मांगने लगा। विरोध करने पर कुछ वाहनों पर पत्थर फेंके गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी छात्र हॉस्टल के अंदर भाग गए और गेट बंद कर लिया।
घटना के अगले दिन पुलिस ने कॉलेज प्रशासन और डीन की मौजूदगी में आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने करीब आधा दर्जन छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को हथकड़ी लगाकर पैदल जुलूस की शक्ल में न्यायालय तक ले जाया गया, जिसका वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य छात्रों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।



















































Leave a comment