Rewa Today Desk :मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक कथित हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जमीन में दफन किए गए एक शव के अवशेष और कपड़े बरामद किए हैं। बरामद अवशेषों की पहचान विपिन कुमार यादव निवासी मोहार टोला, भगदेवरा, रामपुर बघेलान (सतना) के रूप में की गई है। मामले में एक आरोपी सुनील कुशवाहा पुलिस हिरासत में है, जबकि मृतक की पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस जांच के अनुसार, विपिन कुमार यादव की शादी रीवा जिले के टीकर गांव में हुई थी। जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी और आरोपी सुनील कुशवाहा के बीच लगातार बातचीत होती थी। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सुनील पहले विपिन के घर गया, कुछ समय वहां रुका और बाद में उसे अपने साथ टीकर गांव लेकर आया। पुलिस के अनुसार, यहीं कथित रूप से एक अन्य साथी के साथ मिलकर विपिन की हत्या की गई। आरोप है कि शव को पहले एक कुएं में फेंका गया और बाद में निकालकर जमीन में दफना दिया गया।
26 मार्च को दर्ज हुई थी गुमशुदगी
विपिन कुमार यादव के लापता होने के बाद उनके पिता ने 26 मार्च को रामपुर बघेलान थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू की।
इसी बीच गोविंदगढ़ पुलिस ने एक अन्य मामले में सुनील कुशवाहा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर रामपुर बघेलान पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें इस मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने का दावा किया गया।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुए अवशेष
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टीकर गांव में खुदाई कर शव के अवशेष और कपड़े बरामद किए। अवशेषों को पोस्टमार्टम और अन्य फॉरेंसिक जांच के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। हत्या के कारणों, घटनाक्रम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी की भूमिका की भी जांच के दायरे में है। पुलिस का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर ही तय होगा।



















































Leave a comment