करहिया से ढेकहा तक 13 दुकानों पर कार्रवाई, 1 दीवार ढहाई, विरोध भी हुआ शांत
सेमरिया मोड़ से ढेकहा तिराहा तक 20 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी, अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस-प्रशासन रहा मौजूद
रीवा। शहर में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत मंगलवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। करहिया मोड़ से ढेकहा तिराहा तक सड़क में आ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए जेसीबी चलाई गई। इस दौरान 13 दुकानों और 1 घर की दीवार को धराशाई किया गया।

जानकारी के अनुसार सेमरिया मोड़ से ढेकहा तिराहा तक 20 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जानी है। वर्तमान में यहां सड़क के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। जगह-जगह सड़क सिर्फ 15 से 16 मीटर ही है। इसके चलते डिप्टी सीएम ने अधिकारियों की बैठक लेकर सड़क का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए थे।
निर्देश के बाद नगर निगम और प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण चिन्हित कर नोटिस जारी किया था। मंगलवार सुबह नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। सेमरिया मोड़ से लेकर ढेकहा तिराहा तक सड़क के लेफ्ट तरफ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
इस दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। सख्ती के साथ पुलिस और प्रशासन ने उन्हें शांत कराया और कार्रवाई जारी रखी। नगर निगम की जेसीबी ने सरकारी जमीन पर बनी 13 दुकानों और 1 घर की दीवार को तोड़कर जमीन को समतल कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क के दोनों तरफ 3 से 4 मीटर तक और अतिक्रमण है। चरणबद्ध तरीके से उसे भी हटाया जाएगा। एक तरफ की कार्रवाई के बाद दूसरी तरफ दुकानों को चिन्हित करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला, नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी सुरेन्द्र चतुर्वेदी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से करहिया से ढेकहा तक जाम की समस्या खत्म होगी और यातायात सुगम होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटना जरूरी था, लेकिन प्रशासन को विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास पर भी ध्यान देना चाहिए।



















































Leave a comment